रोहतक (अंकुर कपूर): हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कमल गुप्ता ने चुनाव के नजदीक आते ही एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है। कमल गुप्ता का कहना है कि आने वाले दो-तीन साल में किसी भी क्षण पाक अधिकृत कश्मीर भारत में शामिल हो सकता है और वह नरेंद्र मोदी करेंगे। शहरी निकाय मंत्री कमल गुप्ता आज रोहतक में व्यापारियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में पहुंचे थे। यही नहीं उन्होंने तो विपक्षी दल के नेताओं को जयचंद तक करार दे दिया।
रोहतक में रविवार को व्यापारियों द्वारा शहरी निकाय मंत्री कमल गुप्ता के लिए एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया था। जिसमें कमल गुप्ता ने व्यापारियों के लिए हरियाणा सरकार द्वारा किए गए कामों का तो बखान किया ही। लेकिन एक नई चर्चा को जन्म दे गए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हम 2014 से पहले सशक्त नहीं थे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस तरह से पृथ्वीराज चौहान हमारे देश के कुछ जयचंदों की वजह से हार गया था। वैसे ही जयचंद आज भी मौजूद हैं, जो हमारे सैनिकों द्वारा की गई एयर स्ट्राइक, पुलवामा हमले के प्रमाण मांगते हैं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कमल गुप्ता बोले कि आज यह देश को जोड़ने की बात करते हैं। लेकिन देश को तोड़ने वाले यही लोग थे। अगर भारत को कोई विश्व गुरु बना सकता है तो वह भाजपा है। अन्य कोई भारत को विश्व गुरु के शिखर पर नहीं ले जा सकता।







