कुरुक्षेत्र (अंकुर कपूर): कुरुक्षेत्र के पिहोवा में स्थित एक गांव के सरकारी स्कूल में शिक्षक की शर्मनाक करतूत से स्कूल में हंगामा हो गया। बता दें कि आरोपी शिक्षक ने 11वीं कक्षा में पढ़ रही छात्रा से कहा कि तुम पढ़ाई में काफी कमजोर हो गई हो, मुझसे फ्रेंडशिप कर लो, फेल नहीं होने दूंगा। टीचर की इस हरकत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। स्कूल ने भी अपने स्तर पर जांच की है। गौरतलब है कि आरोपी उसी दिन से स्कूल से छुट्टी लेकर फरार है।
छात्रा के मुताबिक केमिस्ट्री टीचर काफी समय से उसे गलत नजर से देखता था। जब उसने टीचर से कहा कि कई बार मुझे विषय समझ नहीं आता तो उसने कहा कि तुम मुझसे फ्रेंडशिप कर लो, फेल नहीं होने दूंगा। स्कूल से निकलने के बाद उसने अपनी सहेली को टीचर की इस हरकत के बारे में बताया। जिस पर सहेली ने पूरी घटना की जानकारी स्कूल की ही एक महिला टीचर को दी। मामला बढ़ता देख स्कूल के प्रिंसिपल ने बालिका कमेटी को जांच के लिए मामला सौंप दिया।







