Home Crime मृतक के नाम चल रहा था राशन डिपो, इंस्पेक्टर सस्पेंड

मृतक के नाम चल रहा था राशन डिपो, इंस्पेक्टर सस्पेंड

24
0

कुरुक्षेत्र | खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में सामने आए गंभीर मामले में मंत्री राजेश नागर ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लाडवा में मृत व्यक्ति के नाम पर राशन डिपो चलने के खुलासे के बाद विभागीय इंस्पेक्टर नवीन को निलंबित कर दिया गया है, जबकि सब-इंस्पेक्टर अशोक हुड्डा के खिलाफ भी नियमानुसार मामला दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

मंत्री राजेश नागर मंगलवार को नई लघु सचिवालय भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान लाडवा की महावीर कॉलोनी निवासी सोनू नारंग ने शिकायत रखी कि अंशुल गर्ग के नाम पर आवंटित राशन डिपो वर्षों से अवैध रूप से संचालित हो रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार अंशुल गर्ग विदेश में रह चुका था और वर्ष 2024 में उसकी मृत्यु हो गई, इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत से उसके पिता के आधार कार्ड का उपयोग कर पिछले आठ वर्षों से डिपो चलाया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने एसडीएम लाडवा को जांच सौंपी थी। एसडीएम अनुभव मेहता ने बैठक में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विभागीय नियमों का उल्लंघन किया गया और इंस्पेक्टर नवीन तथा सब-इंस्पेक्टर अशोक की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि नजदीकी गांवों की राशन सप्लाई को दूरस्थ गांवों से गलत तरीके से जोड़ा गया था।

एक अन्य शिकायत में डिपो होल्डर के पिता ने लिखित बयान देकर आरोप लगाया कि अधिकारियों ने दबाव बनाकर उससे गलत तथ्य लिखवाए। रिपोर्ट के आधार पर मंत्री राजेश नागर ने तत्काल प्रभाव से इंस्पेक्टर को निलंबित करने और दोनों अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here