चंडीगढ़ (अंकुर कपूर): केंद्रीय बजट सत्र शुरू होने के बाद अब लोकसभा की तर्ज पर हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 2 चरणों में होगा। बता दें कि हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की तारीखों की घोषणा भी हो चुकी है। मीडिया सूत्रों के अनुसार बजट सत्र पर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि बजट सत्र में कुल 10 सीटिंग होगी और यह सेशन 2 चरणों में पूरा होगा।
बजट पर चर्चा के लिए 8 विभागीय समितियों का गठन किया गया है ताकि वह बजट के अनुदान को लेकर अपने सुझाव वित्त मंत्री को दे सके। हालांकि समितियों के सुझाव को मानना या ना मानना वित्त मंत्री का अधिकार है। बजट की बारीकियों को समझाने के लिए लोकसभा से संसदीय लोकतंत्र शोध एवम प्रक्षिक्षण संस्थान (प्राइड) की टीम विधायको को प्रक्षिक्षण देगी।
यह प्रशिक्षण सोमवार यानी 6 मार्च को हरियाणा विधानसभा में 11 बजे सभी विधायकों को दिया जाएगा। प्रक्षिक्षण सत्र का न्योता सभी विधायकों और मंत्रियो को दिया जा चुका है। हरियाणा विधानसभा का अलग से परिसर बनाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासक एवम हरियाणा राज्यपाल से लगातार चर्चा चल रही है।जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।







