कुरुक्षेत्र (एकता): कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक दंपती ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जान दे दी। मीडिया सूत्रों के अनुसार पति की मौत शाहाबाद के सिविल अस्पताल में जाने के बाद हुई तो पत्नी ने कुरुक्षेत्र अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया।
बता दें कि इस घटना के पीछे की वजह आपको हैरान कर देगी। दरअसल इस घटना का कारण फाइनेंस कंपनी द्वारा लोन पर ली गाड़ी जब्त कर लिया माना जा रहा है। वहीं घटनास्थल पर मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें फाइनेंस कंपनी में जमा किश्तों के बारे में लिखा गया था।
जानकारी के मुताबिक शाहाबाद के खतरवाला मोहल्ला के रहने वाले रवि प्रकाश ने किश्तों पर कार ली हुई थी। मृतक कार की किश्तें भी चुका रहा था और दो किश्तें फाइनेंस कंपनी में जमा भी कराई हुई थी, लेकिन वह हड़प ली गई। वह लगातार फाइनेंस कंपनी के चक्कर काटता रहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मृतक दंपती अपने पीछे एक साढ़े चार साल की बेटी व उससे छोटा बेटा छोड़ गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







