अंबाला (अंकुर कपूर): सेना के अग्निवीर भर्ती में बदलाव किया गया है। बता दें कि भर्ती में बदलाव को लेकर आर्मी ऑफिसर्स ने एक प्रेस कांफ्रेंस की। इस मौके पर उन्होंने अग्निवीर भर्ती में बदलाव के बारे में जानकारी दी कि इस बार क्या-क्या बदलाव किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अबकी बार लिखित परीक्षा पहले होगी और वो भी ऑनलाइन। बाकी प्रक्रिया पहले जैसी ही रहेगी। मेजर जरनल के.पी. सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले साल जून में अग्निवीर भर्ती स्कीम के तहत भर्ती की गई थी जोकि पहली बार की गई। इस भर्ती में युवाओं में भारी उत्साह देखा गया था।
भर्ती बारे युवाओं व अन्य को जागरूक करने में मीडिया का अहम योगदान है। उन्होंने बताया कि इस साल अग्निवीर भर्ती स्कीम के तहत भर्ती की जानी है जिसमें सभी मापदंड पहले की तरह हैं लेकिन इसमें एक बड़ा बदलाव किया गया है। अबकी बार ऑनलाइन लिखित परीक्षा पहले आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि इस भर्ती के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 16 फरवरी से शुरू हो चुकी है जोकि 15 मार्च 2023 तक चलेगी। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन की तिथि निर्धारित है। 28 दिनों तक ही इस कार्य को किया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन के दौरान सम्बन्धित प्रार्थी को अपना आधार कार्ड, जो मोबाईल से लिंक है या अपने सर्टिफिकेट के आधार पर होगा।
उन्होंने बताया कि वैबसाइट पर इसके लिए पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए कुल राशि 500 रुपए है जिसमें से 250 रुपए की राशि सरकार देगी तथा बाकी 250 रुपए की फीस प्रार्थी को ऑनलाइन जमा करवानी होगी। इस बात का ध्यान रखना है कि जिस कार्ड से यह पेमैंट कर रहा है वह कार्ड वैध होना चाहिए। पंजीकरण के बाद अप्रैल माह के पहले सप्ताह में एडमिट कार्ड इशु किए जाएंगे और उसके बाद ऑनलाइन लिखित परीक्षा होगी, जोकि पहली बार होगी। इस परीक्षा के लिए 176 कम्पयूटर सैंटर (परीक्षा केन्द्र) बनाए गए हैं।







