झज्जर (एकता): दिल्ली में प्रेमी की दरिंदगी की शिकार हुई हरियाणा के झज्जर के खेड़ी खुम्मार गांव निक्की यादव की अंतिम यात्रा में पूरा गांव शामिल हुआ। नम आंखों से छोटे भाई ने बहन को मुखाग्नि दी। बता दें कि बुधवार शाम को 5:48 बजे एंबुलेंस से शव लेकर पुलिस गांव पहुंची तो चारों ओर सन्नाटा पसर गया। सिर्फ सात मिनट तक शव को घर पर रखा गया और मां ने बेटी के थोड़ी देर ही अंतिम दर्शन किए।
प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई थी। परिवार के लोगों का कहना है कि लिव इन रिलेशन का मामला बनाकर दिखाया जा रहा है। बेटी की हत्या बहला-फुसला कर की गई है। पूरे गांव के लोगों में वारदात को लेकर गुस्सा पनप रहा है। वह आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलवाने की मांग कर रहे हैं।
परिवार ने बताया कि निक्की न सिर्फ होनहार छात्रा थी बल्कि सबकी दुलारी भी थी। उसकी पढ़ने और जीवन में कुछ करने की काफी इच्छा थी। उसके लिए उसका परिवार गांव से दिल्ली तक आ गया था।







