पलवल (अंकुर कपूर): पलवल में 20 फुट गहरी सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहां मिट्टी के नीचे 4 मजदूरों के दबने से एक की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि पलवल अलीगढ़ रोड पर नगर परिषद क्षेत्र में पिछले कई महीने से सीवेज की गहरी पाइप लाइन दबाने का काम चल रहा था। सोमवार को जीसीबी और मजदूर साथ-साथ खुदाई और पाइप डालने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान में एक मजदूर अशोक पुत्र विजय को बिना सेफ्टी बेल्ट इत्यादि दिए ही गड्ढे के नीचे उतार दिया गया, जैसे ही वे नीचे पहुंचा तभी ऊपर से मिट्टी की भारी ढाह उसके ऊपर आ गिरी जिससे वह नीचे दब गया। उसे निकालने के लिए तुरंत 2 मजदूर मिट्टी के नीचे से उसको निकालने के लिए गड्ढे में उतरे तभी एक बार फिर से मिट्टी की ढाह उनके ऊपर गिर पड़ी, जिसमें दोनों मजदूर दब गए।
इन दोनों मजदूरों को आनन-फानन में निकाल लिया गया। लेकिन उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रहने वाले लगभग 27 वर्षीय अशोक को तत्काल नहीं निकाला जा सका, क्योंकि वह काफी नीचे दब गया था उसे निकालने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के द्वारा चार जेसीबी और क्रेन मौके पर बुलाई गई जिनके द्वारा करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी के नीचे दबे अशोक को ऊपर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
जानकारी मिली है कि पलवल नगर परिषद क्षेत्र में जन स्वास्थ्य विभाग के द्वारा पावर मैक कंपनी को सीवरेज लाइन डालने का ठेका दिया गया था जिसका काम करते वक्त एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। फिलहाल ठेकेदार की लापरवाही से मजदूर की मौत हुई है।







