अंबाला (अंकुर कपूर): पूरे प्रदेश में हरियाणा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में अंबाला एसपी रेलवे के निर्देश अनुसार समय-समय पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान उस वक्त रेलवे पुलिस की सीआईए को बड़ी सफलता हासिल हुई, जब उन्होंने गुप्त सूचना के आधार पर अंबाला रेलवे स्टेशन से लगभग सवा 2 किलो चरस के साथ लाल बाबू नामक बिहार के व्यक्ति को काबू किया। हालांकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।
सीआईए के इंचार्ज जोगिंदर सिंह ने बताया कि हम समय-समय पर नशे के खिलाफ चेकिंग करते रहते हैं। जिन लोगों को यह सप्लाई देनी थी उसके बारे में पूछताछ की जाएगी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत आंकी जाए तो 5 से 10 लाख प्रति किलोग्राम है। आरोपी लाल बाबू ने कबूल किया कि यह सामान वो नेपाल से लेकर आए थे और चंडीगढ़ में देना था। उन्होंने बताया कि यह सब उन्होंने रामजी के कहने पर किया। उन्होने बताया कि मैं अभी नया-नया इस काम में आया हूं और दो बार यह सामान लाया हूं।







