अंबाला (अंकुर कपूर): अब गलत तरीके से कोई भी व्यक्ति सिरिंज का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। अक्सर देखा जाता था कि कुछ लोग इंजेक्शन लगाने के लिए एक ही सिरिंज का इस्तेमाल बार-बार करते थे, जिसकी वजह से बीमारियां तेजी से फैलती थी पर लेकिन अब अंबाला स्वास्थ्य विभाग ने इसके बचाव के लिए भी उपाय ढूंढ लिया है।
बता दें कि अंबाला स्वास्थ्य विभाग अब जिले भर के अस्पतालों में नई तकनीक की सिरिंज का प्रयोग करेगा। यह सिरिंज स्वास्थ्य विभाग को पीजीआई के माध्यम से मिली है। इस नई तकनीक की सिरिंज का प्रयोग अब एक ही बार हो सकेगा और उसके बाद उस सिरिंज की नीडल खुद डिस्पोज हो जाएगी और कोई भी उस सिरिंज का दोबारा प्रयोग नहीं कर सकेगा।
अंबाला में इस तरह की अभी साढ़े 11 लाख सिरिंज पहुंची है, जिसे जिले भर के सीएचसी और पीएचसी में पहुंचा दिया गया है। इस बारे में अंबाला स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सिरिंज की निडल अपने आप ही डिस्पोज हो जाती है। इसी लिए जिस प्रकार पहले ड्रग एडिक्ट एक ही सिरिंज का कई लोग प्रयोग करते थे, अब वे नही कर पाएंगे इससे नशा मुक्ति में भी मदद मिलेगी और कई बीमारियां फैलने से रुकेगी। वहीं यह सिरिंज पूरी तरह से सुरक्षित भी है।







