Home Haryana भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 3 दिन के विधानसभा सत्र पर किया कटाक्ष,...

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 3 दिन के विधानसभा सत्र पर किया कटाक्ष, कहा- खोदा पहाड़ निकली चुहिया

161
0

रोहतक (अंकुर कपूर): पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 3 दिन के विधानसभा सत्र पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह तो इस तरीके से था कि जैसे खोदा पहाड़ निकली चुहिया। किसी भी मुद्दे का सरकार की तरफ से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। खेल मंत्री संदीप सिंह पर लगे आरोपों पर हुड्डा बोले अगर ऐसा हुआ है तो सरकार को जांच करनी चाहिए और वे पीड़ित लड़की से मिलने के बाद ही अपना अगला फैसला लेंगे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज रोहतक स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि 3 दिन का सत्र ऐसा था कि जैसे खोदा पहाड़ निकली चुहिया क्योंकि इस सत्र में उन्होंने बहुत से मुद्दे उठाए, जिसमें गन्ने का भाव बढ़ाना, कौशल योजना योजना के तहत युवाओं के साथ खिलवाड़ की बात थी। परिवार पहचान पत्र जैसे मुद्दे रखे गए थे लेकिन यह विफल सरकार है और बेरोजगारी के मामले में पहले नंबर पर प्रदेश है। चार लाख करोड़ से ऊपर कर्ज हो गया है। इन सभी मुद्दों पर कोई जवाब नहीं मिला। साथ ही शराब घोटाले वाले मामले में अगर सरकार को जवाब नहीं देना था तो कॉलिंग अटेंशन को एक्सेप्ट नहीं करना चाहिए था।

राहुल गांधी की यात्रा को लेकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले कि राहुल गांधी यह यात्रा वोट के लिए नहीं कर रहे हैं, बल्कि प्रदेश की जनता के मुद्दों को लेकर यह यात्रा की जा रही है, जो लोग इस यात्रा पर सवाल उठा रहे हैं। उनके पास कहने के लिए कुछ भी नहीं बचा है, इसलिए बेतुके बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 5 तारीख को उत्तर प्रदेश से पानीपत में भारत जोड़ो यात्रा पहुंचेगी और करनाल कुरुक्षेत्र व 11 जनवरी को अंबाला होते हुए पंजाब में चली जाएगी। साथ ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खेल मंत्री संदीप सिंह पर लगे आरोपों पर कहा कि अगर इन आरोपों में सच्चाई है तो सरकार को इस मामले की जांच करवानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि अभय सिंह चौटाला का उनके पास फोन आया था कि पीड़ित लड़की उनसे मुलाकात करेगी। पीड़ित लड़की से मुलाकात करने के बाद वह पूरे मामले को समझेंगे और उसके बाद ही अपनी आवाज उठाएंगे। साथ ही उन्होंने इनेलो के कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर जवाब देते हुए कहा कि ताली एक हाथ से नहीं बजती है और अभी ऐसा कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले कि इस दुख की घड़ी में वह उनके साथ हैं। मां ऐसी होती है जो अपना पेट भूखा रख कर के अपने बच्चे को खाना खिलाती है और प्रधानमंत्री जी की माता ने बहुत सादगी से अपना जीवन जिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here