अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा किकाम करना मेरा जुनून है और अम्बाला छावनी ही नहीं पूरे हरियाणा के लिए मैं काम कर रहा हूं। उन्होंने कहा “मैं विकास के लिए काम करता करता हूं और लोगों के लिए काम करता हूं”। विज गुरूवार देर शाम शास्त्री कालोनी में शास्त्री कालोनी से लेकर बंधुनगर तक एक करोड़ रुपए की लागत से तैयार नवनिर्मित रोड का उद्घाटन के उपरांत अपार जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने रोड निर्माण के लिए शास्त्री कालोनी निवासियों की पीठ-थपथापते हुए कहा कि छावनी में उनके द्वारा करोड़ों रुपए के कार्य करवाए मगर इस सड़क का विशेष महत्व है। यह सड़क सुंदर लगे, गुणवत्ता पूर्वक बने, पेड़-पौधे लगे इसके लिए शास्त्री कालोनी के लोगों ने स्वयं खड़े होकर रोड बनाई है। इसके लिए वह कालोनी निवासी विपिन खन्ना का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने रोड बनाने के एक-एक काम के लिए सबसे ज्यादा भाग-दौड़ की। वह सभी की तरफ से विपिन खन्ना का स्वागत और धन्यवाद करना चाहते हैं।
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमने शास्त्री कॉलोनी के पास इस एक सड़क का उद्घाटन किया है जोकि काफी महत्वपूर्ण सड़क है जो इस क्षेत्र की रेलवे कालोनी, पीएनटी कालोनी, चंद्रपुरी, सुंदर नगर, शाहपुर, मच्छौंडा, घसीटपुर, रेल विहार एवं अन्य कई क्षेत्रों को जोड़ती है। एक करोड़ रुपए की लागत से रोड तैयार की है। गौरतलब है कि एक करोड़ रुपए की लागत से तैयार रोड पर तिरंग रंग की लाइट भी लगाई गई है जोकि रात्रि में आकर्षण का केंद्र है।
पानी के लिए होते थे पहले झगड़े, अब पाइप लाइन से आ रहा पानी: विज
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में पीने के पानी की समस्या रहती थी और सबसे ज्यादा झगड़े पीने के पानी के नलके पर होते थे। कभी किसी ने इसके समाधान की ओर नहीं देखा, यहां तक जलस्तर गिरता जा रहा था। इस समस्या को स्थाई तौर पर दूर करने के लिए वह 18 किलोमीटर दूर जनसूई हेड से अम्बाला छावनी से पानी की पाइप लेकर आया और आज अम्बाला छावनी में पानी की कमी नहीं है। अब दूसरी पाइप लाइन भी छावनी तक लाई जा रही है जोकि जल्द पूरी डल जाएगी। छावनी में बिजली की समस्या थी और रोज प्रदर्शन बिजली कटौती के कारण होते थे।
शेष छावनी में डलवाई जाएगी स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन: विज
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि उन्होंने अम्बाला छावनी सदर क्षेत्र में स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन डलवाई और 90 प्रतिशत क्षेत्र में यह डल चुकी है। उन्होंने आज ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आए हैं कि अम्बाला छावनी के जो बाकि इलाके रह गए हैं उनमें भी पाइप डाली जाए और महेशनगर, गोबिंदनगर, डिफेंस कालोनी व अन्य क्षेत्र में सर्वे कराकर पाइप लाइन डाली जाएगी ताकि पानी की एक बूंद न रूके। उन्होंने गुडगुडिया नाला व महेशनगर ड्रेन को पक्का करवाया और आज यहां जेसीबी इनमें घुसकर इसे साफ कर सकती है।







