रेवाड़ी (अंकुर कपूर): रेवाड़ी में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्हें अब पुलिस का भी खौफ नहीं रहा। वह आए दिन दुकानों को अपना निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जहां पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर ही चोरों ने एक साथ आधा दर्जन दुकानों को अपना निशाना बनाया।

बता दें कि पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। जिसमें करीबन 6 लोग घटना को अंजाम देते हुए नजर आ रहे हैं। एक साथ इतनी दुकानों पर वारदात को अंजाम देना पुलिस की रात्रि गश्त पर सवालिया निशान उठ रहे हैं। आखिर पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर बेखौफ चोर घटना को अंजाम दे देते हैं और पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी रहती है।
दुकानदारों का कहना है कि रोजमर्रा की तरह वह कल शाम दुकान बंद करके गए थे आज सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। जिसके बाद उन्होंने पूरी घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। फिलहाल पुलिस कैमरे पर बोलने को तैयार नहीं है। बरहाल देखना होगा कि आखिर कब तक शासन व प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ेगा।







