सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव औरंगाबाद में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। औरंगाबाद में हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल छह आरोपी गिरफ्तार हुए हैं जिनके कब्जे से तीन पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। बता दें कि पिछले दिनों 8 अगस्त को औरंगाबाद में युवक की गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक सोनीपत के औरंगाबाद का रहने वाला दीपक अपने एक साथी के साथ गांव खेवड़ा में फ्लोर मिल चलाता है। बीती देर शाम वह अपनी फैक्ट्री से गांव की तरफ जा रहा था। तभी गांव के स्टेडियम के पास अज्ञात हमलावरों ने उसकी गाड़ी का रास्ता रोका और उसे बाहर निकाल कर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी जिसमें दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने दावा किया है कि हत्या वारदात में जो पिस्तौल इस्तेमाल की गई थी उनको उत्तर प्रदेश के बागपत से खरीद कर लाया गया था पिस्तौल सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को भी धर दबोच लिया है जिन को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। डीएसपी विपिन कादयान ने बताया कि इस हत्या की वारदात में जब पुलिस ने गहन पूछताछ की तो तब खुलासा हुआ कि मामूली कहासुनी थी।







