पलवल (अंकुर कपूर): साइबर थाना पुलिस ने जज के साथ साइबर ठगी को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पलवल में साइबर ठग के गिरोह के बारे में खुलासा करते हुए डीएसपी विजय पाल ने बताया कि कुसलीपुर स्थित ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स में रहने वाले न्यायाधीश महेश कुमार ने शिकायत दी है कि उनके साथ ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देकर साढ़े 24 हजार की राशि खाते से निकाल ली गई। इसी माह अलग-अलग तीन बार में खाते से यह नकदी निकाली गई।
यह राशि 7 नवंबर, 23 नवंबर और 25 नंबर को निकाली गई। जिसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की। पुलिस ने ठगी के लिए प्रयोग किए गए खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की है। जांच में पुलिस आरोपितों की पहचान कर ली है। आरोपी बिहार के जिला अररिया के गांव महलगांव में मेडिकल स्टोर चलाने का काम करता है। पुलिस द्वारा छापेमारी की कार्रवाई के बाद आरोपित मोहम्मद फोजान ने पलवल की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका लगा दी, जो कि रद्द कर दी गई। डीएसपी विजयपाल ने बताया की इस गिरोह में कई सदस्य हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस गिरोह ने साइबर क्राइम से चार महीने में ही लाखों रुपए उड़ाए
पुलिस ने इस गिरोह द्वारा ठगी के लिए उपयोग किए खातों की जांच की तो उसमें लाखों की ट्रांजेक्शन मिली। इस गिरोह चार महीनों में ही साइबर ठगी की सैकड़ों वारदातों को अंजाम देकर 25 लाख ठग लिए। आपको बता दें कि यह गिरोह आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम लेनदेन संबंधी वित्तीय धोखाधड़ी से फिंगर प्रिंट का रबर क्लोन बना लेते हैं। इसके बाद ठग पता लगाते हैं कि उक्त व्यक्ति का आधार कार्ड नंबर किसी बैंक खाते से जुड़ा है या नहीं। इसके बाद वे उन आधार कार्ड नंबरों को शॉर्ट लिस्ट करते हैं जो बैंक खातों से जुड़े होते हैं।







