पलवल। हथीन शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नगर पालिका ने व्यापक सीसीटीवी निगरानी परियोजना शुरू की है। करीब 11.76 लाख रुपये की लागत से शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और प्रवेश मार्गों पर कुल 80 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
नगर पालिका के अनुसार पहले चरण में शहर के आठ प्रमुख चौराहों पर 32 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। सभी कैमरे पूरी तरह चालू होने के बाद उनकी निगरानी और संचालन की जिम्मेदारी पुलिस विभाग को सौंपी जाएगी। इसके लिए पुलिस विभाग में एक केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां बड़ी स्क्रीन के माध्यम से 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
नगर पालिका सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि चुंगी मोड़, संत गुलाब सिंह चौक, जयंती मोड़, महाराणा प्रताप चौक, कुटी मंदिर चौक सहित शहर के 20 महत्वपूर्ण स्थानों, व्यस्त बाजारों और प्रमुख प्रवेश द्वारों को कैमरे लगाने के लिए चिह्नित किया गया है। कैमरे लगाने का कार्य साक्षी फर्म को सौंपा गया है और विभिन्न स्थानों पर तेजी से इंस्टॉलेशन का काम जारी है।
उन्होंने बताया कि कैमरों की लोकेशन और एंगल इस प्रकार तय किए जा रहे हैं ताकि मुख्य सड़कों से गुजरने वाले वाहनों और लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने और सटीक साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी।
इस परियोजना को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे लगने से असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ेगी तथा यातायात प्रबंधन भी पहले से अधिक प्रभावी होगा।
नगर पालिका चेयरपर्सन रेनू लता ने कहा कि हथीन को आधुनिक, स्मार्ट और सुरक्षित शहर के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में आवश्यकता के अनुसार शहर के अन्य क्षेत्रों को भी सीसीटीवी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, ताकि पूरे शहर में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।







