अंबाला (एकता): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने डिपो राशन धारकों के साथ विशेष चर्चा की। बता दें कि उन्होंने इस चर्चा के बाद बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जितना राशन डिपो धारक बांटेंगे, उतना उनका कमीशन महीने के आखिर में दे दिया जाएगा। मीडिया सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि कमीशन का जो हिस्सा केंद्र सरकार से मिलता है, वह हरियाणा सरकार खुद वहन करेगी।
राशन बंटने के साथ ही तय समय पर डिपो धारकों को कमीशन मिलेगा। बताया जा रहा है कि इस परेशानी को दूर करने के लिए राशन की सूचना को उपभोक्ता के मोबाइल के साथ जोड़ा गया। इस प्रणाली का लाभ प्रदेश के लगभग 32 लाख परिवारों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए अंत्योदय अभियान के आप सभी सारथी बने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पुराने राशन कार्ड होते थे, उनमें परिवार के सदस्यों की संख्या की कोई बदलाव की जानकारी नहीं होती थी, जिसकी वजह से कई गलतफहमियां और शिकायतें उत्पन्न होती थी। सरकार ने ई-गवर्नेंस का सहारा लेकर सभी पात्र परिवारों का डाटा इकट्ठा किया और उसे ऑनलाइन करके जनता के सहयोग से राशन वितरण के कार्यों को पारदर्शी बनाया। इसके अलावा खाद्यान्न योजना आवंटन नीति, उचित मूल्य की दुकानों का विवरण आदि जानकारी भी इसी के माध्यम से दी गई। अब देश का कोई भी नागरिक अपना आधार कार्ड दिखाकर किसी भी डिपो से राशन ले सकता है।







