Home Haryana रेवाड़ी में नहीं है कैंसर इलाज की सुविधा, अब तक मिल चुके...

रेवाड़ी में नहीं है कैंसर इलाज की सुविधा, अब तक मिल चुके 93 नए मरीज

192
0

रेवाड़ी  | रेवाड़ी जिले में कैंसर के इलाज की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं है। जिला सिविल अस्पताल, एसडीएच कोसली और पांच सीएचसी केंद्रों पर केवल कैंसर की शुरुआती स्क्रीनिंग की व्यवस्था है, लेकिन इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली, रोहतक या जयपुर जाना पड़ता है। साल 2024 में अप्रैल से अब तक जिले में कैंसर के 93 नए मामले सामने आ चुके हैं।

डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. दीपक वर्मा के अनुसार, यदि मरीज की कैंसर स्टेज तीसरी या चौथी है, तो राज्य सरकार की ओर से उन्हें प्रतिमाह 2750 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इसके लिए मरीजों को सिविल सर्जन कार्यालय में आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र और इलाज का प्रमाण लेकर आवेदन करना होता है।

जिले के प्रमुख अस्पतालों में एनसीडी क्लीनिक बनाए गए हैं, जहां 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की कैंसर व अन्य बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाती है। संदिग्ध मामलों की आगे जांच कराई जाती है, और पुष्टि होने पर मरीजों को बड़े चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाता है।

फिलहाल 280 कैंसर मरीजों के बस पास जारी किए जा चुके हैं, जिससे उन्हें यात्रा में राहत मिल सके। डॉक्टरों के अनुसार, महिलाओं में स्तन, गर्भाशय ग्रीवा, अंडाशय व मुख से जुड़े कैंसर अधिक देखे जाते हैं, जबकि पुरुषों में फेफड़े, पेट और मुंह का कैंसर ज्यादा होता है। आम लक्षणों में वजन में गिरावट, बुखार, भूख कम लगना, हड्डियों में दर्द और खांसी के साथ खून आना शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here