करनाल (अंकुर कपूर): नेशनल हाईवे-44 का सफर अब वाहन चालकों के लिए सुरक्षित नहीं रहा। करनाल के घरौंडा में राधा स्वामी सत्संग भवन के नजदीक एक वैगनआर कार में सवार हीरो मोटर साइकिल एजेंसी मालिक पर दो बाइकों पर सवार बडम ने गोली चला दी। जिससे वेगनआर चालक बाल-बाल बचा। हालांकि गोली का छर्रा मुंह पर जरूर लगा है। जिससे उसके गाल पर थोड़ा सा जख्म हो गया। फायरिंग की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिसके तुरन्त बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गईं। पुलिस ने शिकायत के आधार में दो बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बता दें कि उचाना निवासी विशाल की इसराना में हीरो मोटरसाइकिल की एजेंसी है। देर शाम विशाल अपनी वेगनआर कार से इसराना से उचाना के लिए निकला था। विशाल के साथ उसका भाई विकास व चचेरा भाई शुभम भी था। इसराना से निकलने के बाद ही दो बाइकों पर सवार युवकों ने विशाल की कार का पीछा शुरू कर दिया था। जिसमें एक सिंपल बाइक थी, जबकि दूसरी स्पोर्ट्स बाइक थी। जब विशाल को महसूस हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है तो उसने पांच मिनट के लिए अपनी कार को पानीपत टोल प्लाजा पर रोक लिया।
उन्होंने कार को रोककर देखा कि दोनों बाइक चालक टोल की बीच वाली लेन से क्रोस करके निकल गए, जबकि अमूमन तौर पर बाइक साइड वाली लेन से निकलती है। बाइक निकलने के बाद विशाल कार लेकर चला तो आगे बाइक चालक उसके इंतजार में ही खड़े थे। बाइक सवार बदमाशों को देख कार दौड़ा ली। बदमाशों ने गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। विशाल ने सूझ-बूझ से काम लिया और उसने कार को घरौंडा ओवरब्रिज पर चढ़ाने की बजाए सर्विस लेन की तरफ ले लिया। जिससे बदमाश सर्विस लेन पर आने की बजाए तेज रफ्तार के कारण ओवर ब्रिज पर ही चढ़ गए।
राधा स्वामी सत्संग भवन के पास एक बदमाश ने अपनी पिस्टल निकाली और ओवरब्रिज से सर्विस लेन पर चल रही वेगनआर कार पर फायर कर दिया। गाड़ी विशाल चला रहा था और गोली गाड़ी के शीशे से टकरा गई। गनीमत रही कि विशाल को गोली नहीं लगी, लेकिन छर्रा लगने से विशाल मामूली सा जख्मी जरूर हो गया। गोली विशाल को लगी है या नही, यह देखने के लिए बदमाश कुछ पल के लिए रुके। विशाल के मुताबिक, बदमाश दोबारा फायर करने की फिराक में थे, लेकिन कर नही पाए और मौके से फरार हो गए।
विशाल ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल की एजेंसी है। हर रोज वह बड़ा अमाउंट लेकर घर की तरफ जाता था लेकिन आज उसके पास कोई कैश नहीं था। इसके अलावा कुछ दिन पहले इसराना में ही किसी के साथ लड़ाई झगड़ा हुआ था। ऐसे में बदमाश रंजिश निकालने आये थे या फिर किसी लूट के इरादे से इसका खुलासा तो बदमाशों के पकड़े जाने के बाद ही होगा।







