चंडीगढ़ | आमतौर पर दूध बेचने वालों को साइकिल या बाइक पर दूध सप्लाई करते देखा जाता है, लेकिन फरीदाबाद का एक युवक इन सब मान्यताओं को तोड़ते हुए 50 लाख रुपये की ऑडी कार से दूध पहुंचा रहा है। यह कहानी है फरीदाबाद जिले के मोहताबाद गांव निवासी अमित भड़ाना की, जो अब अपने पैशन को पेशे में बदल चुके हैं।
अमित भड़ाना पहले एक बैंक में नौकरी करते थे, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान बैंक जाना बंद होने के बाद उन्होंने अपने भाई के साथ दूध सप्लाई का काम शुरू किया। धीरे-धीरे इस काम में उनकी रुचि बढ़ी और उन्होंने बैंक की नौकरी छोड़कर पूरी तरह दूध व्यवसाय को अपना लिया।
अमित वर्तमान में रोजाना लगभग 120 लीटर दूध की सप्लाई करते हैं। हाल ही में उन्होंने एक ऑडी कार खरीदी है, जिससे वह अपने ग्राहकों तक दूध पहुंचा रहे हैं। इससे पहले भी वह 8 लाख रुपये की हार्ले डेविडसन बाइक से दूध की डिलीवरी करते थे।
अमित की कहानी यह साबित करती है कि जुनून और मेहनत से कोई भी व्यवसाय सम्मानजनक बन सकता है, चाहे वह पारंपरिक काम ही क्यों न हो।







