रोहतक (अंकुर कपूर): कोल इंडिया कंपनी में 10 गुना रिटर्न देने के बहाने एक रिटायर इंजीनियर को ही साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया और पीड़ित से एक करोड़ 81 लाख रुपए ऐंठ लिए। रिटायर्ड इंजीनियर पिछले 6 महीने से साइबर ठगों के संपर्क में था और 10 गुना मुनाफा देने के बहाने 7 बैंकों से करीब एक करोड़ 81 लाख रुपए के आरटीजीएस करवा चुका था। जहां पीड़ित ने भावुक होकर उम्र भर की जमा पूंजी वापस दिलाने की अपील की तो वही पुलिस ने भी दावा किया है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे। पीड़ित ने आमजन से भी अपील की कि वह इस तरह के फ्रॉड से बचकर रहें।
रोहतक की डीएलएफ कॉलोनी के रहने वाले 70 वर्षीय अर्जुन देव दुआ ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उन्हें फोन पर एक महिला ने खुद को मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर एक पॉलिसी को लेकर जानकारी दी। अर्जुन देव ने कहा कि महिला ने उसे बताया कि यदि वे कोल इंडिया कंपनी में निवेश करते हैं, तो तीन महीने बाद उन्हें दस गुना भुगतान होगा। आरोपी की बातों में आकर बुजुर्ग ने 30 जून को 2 लाख रुपए आरोपी के खाते में भेज दिए। उसके बाद आरोपी बुजुर्ग को अपनी बातों में फंसाकर रूपए ट्रांसफर करवाते रहे।
इस तरह बुजुर्ग ने आरोपियों के अलग-अलग खातों में कुल मिलाकर 1 करोड 81 लाख 77 हजार 129 रुपए जमा करवाए। इसके बाद जब उन्होंने निवेश की जानकारी मांगी तो आरोपियों के फोन नंबर बंद हो गए। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। बुजुर्ग ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। उनकी शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी डॉ रविंद्र का कहना है कि इस तरह के फ्रॉड के मामले काफी सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे इंजीनियर के साथ ही ऐसा हो सकता है तो आप लोग भी इनके झांसे में आ सकते हैं। इसलिए लोग सतर्क रहें उन्होंने यह भी बताया कि एक करोड़ 81 लाख रुपए का फ्रॉड सामने आया है। ऐसे में शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे क्योंकि उन्हें एक महत्वपूर्ण लीड भी मिली है।







