यमुनानगर (अंकुर कपूर): हरियाणा के यमुनानगर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक युवक की हत्या कर बोरे में बंद कर यमुना के किनारे उसका शव फेंका गया है। बता दें कि यमुनानगर के ग्रे पेलिकन के पास एक बोरे में लाश मिलने की सूचना मिलने पर यमुनानगर पुलिस की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंची। जब बोरे को खोल कर देखा गया तो उसमें एक 20 से 25 साल के युवक की लाश थी। जिस पर तेजधार हथियारों से कई वार किए गए थे।
मृतक की गर्दन, कान, टांग, पेट पर तेजधार हथियारों से वार करके यह हत्या की गई है। मौके पर पहुंचे डीएसपी यमुनानगर कमलजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल यह रंजिश का मामला लग रहा है, जो हालत में शव नजर आ रहा है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त करवाई जा रही है उसी के बाद हत्या और हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस की विभिन्न टीमें इसकी शिनाख्त में जुटी हुई है कि व्यक्ति की हत्या कब, क्यों और किस वजह से की गई। डीएसपी का कहना है कि जिस तरीके से हत्या की गई है वह किसी रंजिश का मामला लगता है लेकिन शिनाख्त के बाद ही सब कुछ स्पष्ट हो पाएगा।







