रोहतक (अंकुर कपूर): किसी से दुश्मनी में कोई शख्स अपराध के रास्ते पर निकल पड़ता है ऐसा तो सुना है लेकिन किसी बच्ची से प्यार के चक्कर में अपराधी बन बैठना ऐसा पहली बार सुनने को मिल रहा है। ऐसा ही एक अनोखा मामला रोहतक में सामने आया है। जहां सिर्फ चार साल की बच्ची से प्यार के चक्कर में नव विवाहिता अपराधी बन बैठी। इस्माईला गांव में महज 4 महीने पहले शादी कर देवरिया (उत्तर प्रदेश) से आई नई नवेली दुल्हन को 4 साल की बच्ची से इस कदर प्यार हो गया कि उसको अपने पास रखने के लिए उसका अपहरण तक कर लिया। आनन-फानन में पुलिस और साइबर सेल की मदद से मोबाइल की लोकेशन से महिला को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची सही सलामत परिजनों को सौंप दी गई है। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है, जिसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जानिए क्या था पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के देवरिया की रहने वाली आंचल की रोहतक के इस्माईला गांव में महज 4 महीने पहले पवन से शादी हुई थी। पड़ोस में 4 साल की मासूम बच्ची उसके पास खेलने के लिए जाती थी। जिसके बाद आंचल को इस लड़की से कुछ ज्यादा ही लगाव हो गया। लेकिन वह गांव में नहीं रहना चाहती थी और उसका कोई बच्चा भी नहीं था। इस वजह से उसने बच्ची का अपहरण करने की ठान ली और शनिवार शाम लगभग 5:15 बजे आसानी से उसका हाथ पकड़कर अपने साथ ले गई। परिजनों को जब वह नहीं मिली तो घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया। जिसमें आंचल बच्ची को अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दी।
परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत सांपला थाना पुलिस को दी और पुलिस भी हरकत में आ गई। साइबर सेल को भी एक्टिवेट कर दिया गया। हालांकि आंचल ने अपना मोबाइल बंद कर रखा था। लेकिन जैसे ही वह दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उसने अपना मोबाइल ऑन कर लिया। मोबाइल ऑन होते ही साइबर सेल के पास आंचल की लोकेशन पहुंच गई। जिस पर सांपला थाना पुलिस दिल्ली के लिए रवाना हुई और दिल्ली पुलिस तथा रेलवे पुलिस से भी संपर्क साध लिया लोकेशन आनंद विहार रेलवे स्टेशन की थी। जहां रात लगभग 11:30 बजे पुलिस ने आंचल को गिरफ्तार करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।







