हिसार (अंकुर कपूर): केन्द्रीय खेल, युवा, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में टुकड़े गैंग के लोग शामिल हैं तो ऐसी यात्रा से क्या उम्मीद की जा सकती है। ये बात केन्द्रीय मंत्री ने हिसार में ओम स्टर्लिंग ग्लोबल स्टर्लिंग यूनिवर्सिटी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। वह युनिवर्सिटी के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिस यात्रा में देश के टुकड़े करने व देश का नामोनिशान मिटाने वाले जुड़े हैं और देश को बांटकर राज करने की सोच रखते हैं, ऐसी यात्रा कोई भी सोच सकता है कि कैसी चल रही होगी।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम चलाई, जिसमें खिलाडिय़ों के रहने, भोजन और ट्रेनिंग का इंतजमा किया गया और सालाना 6 लाख रुपए जेब खर्च भी दिया गया। इसके अलावा भी खिलाड़ियों पर लाखों रुपए सालाना खर्च करके उनके खेल को बढ़ावा दिया जा रहा है। हजारों खिलाडिय़ों के लिए 29 नेशनल सेंटर और एक्सीलेंस व 23 सांई सेंटर खोले हैं। इसी कारण आज भारत आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। खेलों के लिए देश में 2700 करोड़ रुपयों के काम चल रहे हैं, जिनमें आधारभूत ढांचों का विकास भी शामिल है।
केन्द्र का खेल बजट भाजपा सरकार में 800 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 2400 करोड़ किया गया है। खिलाड़ियों को केन्द्र के अलग-अलग विभागों के अलावा राज्य स्तर पर भी नौकरियां दी जा रही हैं। मेडल विजेता खिलाड़ियों को कैश प्राइज दिये जा रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं, जिनका उनको बहुत फायदा हुआ है।
रोजगार के एक सवाल के जवाब में अनुराग ठाकुर ने कहा कि ईपीएफओ के आंकड़ों के अनुसार रोजगार में काफी इजाफा हुआ है। पिछले दो महीनें में डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां दी गयी हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर पहले से ज्यादा बढ़े हैं। देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में तेजी से बढ़़ती अर्थव्यवस्था बन चुकी है। जीएसटी कलेक्शन आज डेढ़ लाख करोड़ रुपए महीना तक पहुंच गया है, जिससे पता लगता है कि रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़े हैं।
हिमाचल व गुजरात में इलेक्शन पर उन्होंने कहा कि इन दोनों राज्यों के अलावा दिल्ली एमसीडी में कमल ही खिलेगा।
एक सवाल के जवाब में अनुराग ठाकुर ने कहा कि दो देशों के युद्ध, कोविड महामारी, वैक्सीनेशन, दवाइयां वितरण करने के क्षेत्र आदि की बात हो तो हर क्षेत्र में जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेतृत्व दिया है। उसके कारण आज दूसरे देश भारत की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देखते हैं और भारत के युवाओं व नेतृत्व के कारण देश को एक नई पहचान मिली है। देश की सीमा पर पड़ोसी देशों के अतिक्रमण पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज सीमाओं के अतिक्रमण का मुंह तोड़ जवाब दिया जा रहा है। इस समारोह के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिसार के दूरदर्शन केन्द्र व आकाशवाणी केन्द्र का भी जायजा लिया।







