बरवाला। दौलतपुर रोड स्थित अमन चिकन कॉर्नर पर देर रात चाकूबाजी की वारदात में करीब 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ युवक अमन चिकन कॉर्नर पर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान पटाखे चलाने को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक भी जख्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात में शामिल लोगों और विवाद की वजह का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल मृतक और दोनों घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के वास्तविक कारणों और आरोपियों की भूमिका का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




