अंबाला (अंकुर): किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी सोमवार को अंबाला के गांव रतनहेड़ी में चल रहे धरने प्रदर्शन पर पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि अंबाला में बनने जा रहे शामली एक्सप्रेसवे के लिए किसानों की जमीन ली गई थी। जिसका मुआवजा किसानों को नहीं दिया। इसके लिए किसान अंबाला के गांव रतनहेड़ी में धरना लगा कर बैठे हैं। किसानों ने सरकार को चेतावनी दी कि जल्द से जल्द मुआवजा दे। अन्यथा एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा और जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा वह काम नहीं चलने देंगे। सरकार ने तीन कृषि कानून तो वापिस ले लिए, लेकिन किसानों की समस्याए नहीं खत्म हो रही है।

अंबाला में बन रहे शामली एक्सप्रेसवे को लेकर किसान धरने पर बैठे है। सरकार ने किसानों की जमीन तो ले ली, लेकिन उसका मुआवजा नहीं दिया। किसानों का कहना है कि अब जब किसानों को मुआवजा नहीं मिल जाता तब तक न तो वो धरने से उठेगें, न ही शामली एक्सप्रेसवे को आगे बनने देगें। किसानों ने कहा कि शामली एक्सप्रेसवे बनाने में किसानों के खेत, पेड़, और ट्यूबवेल बीच में आ रहे हैं। जिसका सरकार ने मुआवजा नहीं दिया है। किसानों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि पहले तो सरकार ने हमारी जमीन छीन ली। किसानों के लिए जमीन ही सब कुछ है। किसानों से सरकार ने जबरदस्ती जमीन छीन ली है। अगर सरकार मुआवजा नहीं देगी तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।






