पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां 2 महीने की गर्भवती महिला दहेज की बलि चढ़ी। बता दें कि 28 वर्षीय महिला को सुसराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग पूरी न कर पाने के चलते उसे मरने पर ही मजबूर होना पड़ा। आखिर उसने फांसी लगाकर खुद को मौत के घाट उतार लिया। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक होड़ल के गढिय़ा मोहल्ला निवासी त्रिलोकचंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन धर्मबती की शादी 3 जून वर्ष 2020 को जनौली गांव निवासी जीतराम के साथ की थी। शादी में दान-दहेज भी दिया था। लेकिन उसके ससुराल पक्ष के लोग फिर भी दहेज से संतुष्ट नहीं थे और वे उसे 5 लाख रुपए नकद व सोने-चांदी के आभूषणों की मांग करने लगे। जब पीड़ित महिला ने अपने मायके वालों को बताया तो उन्होंने घर बसाने की नियत से उसको समझा-बुझाकर ससुराल भेज दिया। रविवार की देर शाम पीड़ित को फोन पर सूचना मिली कि उसकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।







