यमुनानगर: महज 8 साल की नन्हीं सी उम्र में जब बच्चा ठीक से रिश्तों को भी नहीं समझ पाता उस उमर में यमुनानगर के एक भाई ने अपनी आंखों के सामने अपनी छोटी बहन की हत्या का खौफनाक मंजर देखा है। जरा सोचिए कि इस मासूम के दिल और दिमाग पर क्या बीती होगी जब उसने अपनी सगी मां को अपनी छोटी बहन की हत्या करते हुए देखा होगा। बता दें कि मामला हरियाणा के यमुनानगर का है।
मासूम ने ऑन कैमरा हत्या की इस पूरी गुत्थी को खोलकर रख दिया। इसके मुताबिक मनिंदर कौर इसे और इसकी बहन को लेकर 9 अगस्त को घर से अमृतसर के लिए निकली थी। अंबाला से बस बदली और अमृतसर में उन्हें एक अंकल मिले। 2 दिन गुरुद्वारे में रुके और होटल में भी रुके। 11 तारीख को बहन ने राखी भी बांधी। होटल में चुन्नी (दुपट्टा) गले में डालकर गांठ बांध दी और चुन्नी को एक तरफ से मां ने और दूसरी तरफ से अंकल ने पकड़ कर खींच दिया। मासूम ने कहा कि मैंने सब देखा और जब बोला तो उसने आगे से उसे चुप करवा दिया। हम मणिमाजरा गए वहां मौसी नानी सारे मिले। उन्होंने कहा कि थाने में रिपोर्ट लिखवानी है, राजपुरा रिपोर्ट लिखवाने गए थे।
ऐसे गिरफ्तार हुई थी कातिल मां
अमृतसर श्री दरबार साहिब परिसर में करीब तीन साल की मासूम बच्ची का शव मिलने के बाद एसजीपीसी की तरफ से सीसीटीवी फुटेज से कातिल मां मनिंदर कौर की जानकारी निकाल कर पुलिस को दी गई। वहीं दूसरी तरफ मनिंदर कौर राजपुरा पुलिस के पास अपनी बच्ची की मिसिंग रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंच गई। राजपुरा पुलिस को पहले से इनपुट्स मिल चुके थे, लिहाजा उन्होंने मनिंदर कौर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अमृतसर पुलिस को सूचना दे दी। इधर, यमुनानगर में बच्चों के पिता ने 10 अगस्त को गांधीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवा दी थी। उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर से बिना बताए कहीं चली गई है। महिला के पास मोबाइल ना होने के कारण पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं कर पाई। वह गांधीनगर पुलिस स्टेशन चले गए और पुलिस को पूरी बात बताई। इसके बाद यमुनानगर पुलिस ने अमृतसर पुलिस के साथ कोआर्डिनेशन किया और मनिंदर कौर को अमृतसर से यमुनानगर लाया गया।







