फरीदाबाद: जम्मू के राजौरी में सेना के बेस कैंप पर आतंकी हमले में शहीद हुए जवान मनोज भाटी का पार्थिव शरीर फरीदाबाद पहुंचा। बता दें कि शहीद मनोज भाटी का जन्म 16 फरवरी 1996 को शाहजहांपुर गांव में हुआ था। 2017 में मनोज राजपूत राइफल सेकंड में भर्ती हुए थे। फिलहाल वह जम्मू कश्मीर राजौरी प्रखल कैंप में तैनात थे। 14 नवंबर 2021 को उनकी शादी बल्लभगढ़ के पास सीकरी गांव में हुई थी। उनकी पत्नी कोमल आठ माह की गर्भवती है।

आतंकियों से लोहा लेते शहीद हुआ मनोज
घटना उस समय हुई जब दो आतंकी देर रात करीब सवा तीन बजे लोहे की कंटीली तार काटकर अंदर घुस आए थे। पोस्ट पर मनोज व उसके साथी मुस्तैद थे। ये वो समय होता है जब नींद शरीर पर हावी होने लगती है। मनोज भाटी के साथ ही ड्यूटी पर तैनात अन्य जवानों ने भी पलक झपकते ही गोलियां चलानी शुरू कर दी थी। इसी दौरान एक ग्रेनेड उनकी पोस्ट में गिरा। मनोज और उसके साथी इससे पहले कुछ समझ पाते, वह फट गया। जब देश सो रहा था और शाहजहांपुर का मनोज आतंकियों से लोहा लेते शहीद हो गया। गांव के लाल की शहादत का पता लगते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नेता, मंत्री और अफसर पहुंचे शहीद को नमन करने, हजारों ने दी अंतिम विदाई।








