Home Haryana किसानों के पंजीकरण में लापरवाही पर पटवारी प्रिंस निलंबित

किसानों के पंजीकरण में लापरवाही पर पटवारी प्रिंस निलंबित

20
0
Screenshot

कुरुक्षेत्र। किसानों के पंजीकरण से जुड़े मामले में लापरवाही बरतने पर पटवारी प्रिंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के निर्देश पर शाहाबाद के एसडीएम शंभू राठी ने मामले की जांच की थी। जांच में पटवारी की कार्यप्रणाली में गंभीर खामियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मामला शाहाबाद तहसील के जंदेड़ी हलके से संबंधित है, जहां पटवारी प्रिंस के पास राजस्व क्षेत्र की जिम्मेदारी थी। उपायुक्त के अनुसार, कुछ दिन पहले कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने अनाज मंडी का निरीक्षण किया था। इस दौरान एक किसान ने उनके सामने अपनी शिकायत रखी थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने शाहाबाद के एसडीएम शंभू राठी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए थे।

जांच के दौरान सामने आया कि पटवारी प्रिंस ने मौके का निरीक्षण किए बिना ही सत्यापन प्रक्रिया में संबंधित भूमि को गैर-कृषि योग्य दर्ज कर दिया था। इसके आधार पर ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर किसानों के पंजीकरण को अपात्र सत्यापित कर दिया गया। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही माना है।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि जांच रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना और सही तथ्यों के आधार पर सत्यापन करना आवश्यक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here