फतेहाबाद (एकता): फतेहाबाद की एवरेस्ट विजेता मनीषा पायल ने विश्व योग दिवस को कुछ खास अंदाज से मनाया। बता दें कि मनीषा ने उत्तराखंड की साढ़े 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारकंठा पहाड़ को 20 प्रतिभाशाली पर्वतारोही बेटियों के साथ मिलकर योग करते हुए फतेह किया। उसने परिवार के साथ-साथ हरियाणा का सम्मान बढ़ाया। मीडिया सूत्रों के अनुसार हिसार मंडल की 21 बेटियों का एक दल 15 जून को केदारकंठा के लिए रवाना हुआ था।
मनीषा पायल के नेतृत्व का दल 12 हजार 500 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारकंठा पहुंचा। पर्यावरण एवं प्राकृतिक सौंदर्य का प्रतीक केदारकंठा जैसी जगह पर योग दिवस मनाना सही मायने में बेटियों के लिए अविस्मरणीय क्षण रहा है। पर्वतारोही बेटियों के इस दल में डाॅक्टर से लेकर विभिन्न विषयों की शिक्षा प्राप्त कर रही बेटियां शामिल रहीं।
बताया जा रहा है कि पर्वतारोही मनीषा सामाजिक संस्था जिंदगी की हर जनहितैषी मुहिम में साझेदारी रही है। वह इससे पहले एवरेस्ट, फ्रेंडशिप पीक को फतेह कर जिंदगी संस्था का ध्वज लहरा चुकी हैं।







