Home Haryana खारा बरवाला हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार: अब तक 6 पकड़े,...

खारा बरवाला हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार: अब तक 6 पकड़े, SC/ST एक्ट की धारा जुड़ी

15
0

फतेहाबाद। थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव खारा बरवाला में रंजिश के चलते हुई हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। नए आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में अब तक छह आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने जांच के दौरान मामले में एससी-एसटी एक्ट की धारा भी जोड़ी है।

उप पुलिस अधीक्षक अग्रोहा किशोरी लाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र आत्माराम निवासी चक्की चोपता, सादुलपुर, हाल निवासी भादरा बाईपास, आदमपुर के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस जयराम पुत्र सुखदेव और अक्षय जाजूदा पुत्र सुभाष, दोनों निवासी खारा बरवाला, संदीप पुत्र पुरुषोत्तम निवासी रविदास मंदिर, मंडी आदमपुर, उमेश पुत्र विनोद कुमार निवासी गणेश चौक, जवाहर नगर, मंडी आदमपुर तथा समीर पुत्र सुनील निवासी दरौली रोड, टिब्बा बस्ती, मंडी आदमपुर को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में खारा बरवाला निवासी गौतम पुत्र जोगीराम की शिकायत पर थाना आदमपुर में केस दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि मृतक रजनीश और उसके भाई विष्णु की गांव के ही जयराम और अक्षय जाजूदा के साथ रंजिश चल रही थी।

13 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच गौतम और उसका भाई रजनीश मोटरसाइकिल पर मंडी आदमपुर से दूध लेकर खारा बरवाला स्थित अपने घर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल में हवा कम होने के कारण उन्होंने पंवार फिलिंग स्टेशन के पास बाइक रोक ली। इसी दौरान आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर तेजधार हथियारों और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की।

डीएसपी किशोरी लाल ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धारा भी जोड़ी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here