Home Haryana विधवा की जमीन कब्जे की शिकायत पर मंत्री का सख्त एक्शन

विधवा की जमीन कब्जे की शिकायत पर मंत्री का सख्त एक्शन

9
0

चरखी दादरी। जिला लघु सचिवालय में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में कथित जमीन धोखाधड़ी और अवैध कब्जे का मामला प्रमुखता से उठा। समसपुर गांव की विधवा बाला देवी ने सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के समक्ष शिकायत रखी कि उसकी जमीन पर धोखाधड़ी के जरिए कब्जा किया गया है। शिकायत में हरियाणा पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर समेत कुछ कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए गए।

बैठक के दौरान क्षेत्र के दोनों विधायकों और भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी शिकायतकर्ता के आरोपों का समर्थन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहकारिता मंत्री ने पुलिस अधिकारियों से जांच की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि विवादित जमीन के सौदे में पुलिस विभाग के एक एसआई और एएसआई का नाम भी सामने आया है, जिन्होंने कथित रूप से एग्रीमेंट के आधार पर जमीन खरीदी थी।

मामले की जांच में देरी और स्पष्ट कार्रवाई नहीं होने पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार को निर्देश दिए कि यदि जांच में संबंधित कर्मचारियों की संलिप्तता पाई जाती है तो तत्काल निलंबन और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने कहा कि अगली कष्ट निवारण समिति की बैठक तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि “दूध का दूध और पानी का पानी” हो सके। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और प्रशासन मामले को गंभीर मान रहे हैं, तो कार्रवाई में देरी स्वीकार्य नहीं है।

बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और शिकायतकर्ता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here