Home Haryana पानीपत में विवाहिता ने तेजाब पीकर दी जान: घरेलू कलह की आशंका,...

पानीपत में विवाहिता ने तेजाब पीकर दी जान: घरेलू कलह की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

9
0

पानीपत |  हरियाणा के पानीपत जिले के तहसील कैंप थाना क्षेत्र स्थित वधवाराम कॉलोनी में एक 29 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में तेजाब पीने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान नेहा (29) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नेहा ने करीब नौ वर्ष पहले अपने पहले पति से तलाक लेने के बाद गौरव नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों एक ही कॉलोनी के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

परिजनों का आरोप है कि नेहा का पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। परिजनों का कहना है कि इसी घरेलू तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।

नेहा अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

तहसील कैंप थाना पुलिस के अनुसार मामले में मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here