चंडीगढ़। हरियाणा में मौसम लगातार ठंडा हो रहा है और तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया है। हिसार में पारा लुढ़ककर 7.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद 27 नवंबर से आसमान में बादल छाने लगेंगे, जिससे ठंड और तेज हो सकती है। बढ़ती नमी के कारण धुंध भी अधिक घनी होने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में हुई ताजा बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। हालांकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान अभी भी 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
हरियाणा में 28 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने के आसार हैं। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात का तापमान कुछ और नीचे जा सकता है। 27 और 28 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में समय-समय पर आंशिक बादल छाने की भी संभावना जताई गई है।







