फरीदाबाद के युवक की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
फर्रुखाबाद । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में हरियाणा के एक युवक की पत्नी और मासूम बेटे के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कार से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद जिले के चांदावली थाना क्षेत्र स्थित दयालपुर निवासी 30 वर्षीय अरुण सिंह अपनी पत्नी राखी और दो वर्षीय बेटे जयंत के साथ कार से घूमने निकले थे। वाराणसी की यात्रा पूरी करने के बाद रात वे फर्रुखाबाद के रास्ते आगरा जा रहे थे।
रात करीब नौ बजे उनकी कार कादरी गेट थाना क्षेत्र में गंगा पांचाल घाट पुलिस चौकी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर रुकी। अरुण सिंह दुकान से कोल्ड ड्रिंक और बेटे के लिए चॉकलेट खरीदने गए थे। इसी दौरान पीछे से आई एक कार से उतरे सशस्त्र बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर मसेनी चौराहे की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अरुण सिंह को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने मृतक की पत्नी से घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फर्रुखाबाद की पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह का सभी पहलुओं से पता लगाया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।







