Home Haryana पंचकूला में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, कई वाहन और मकान क्षतिग्रस्त

पंचकूला में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, कई वाहन और मकान क्षतिग्रस्त

3
0

पंचकूला। सेक्टर-15 में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा हो गया। स्कॉर्पियो ने पहले सड़क से गुजर रही एक कार को टक्कर मारी, इसके बाद लोहे का गेट, ग्रिल और सुरक्षा कक्ष तोड़ते हुए एक मकान के बाहर खड़ी एसयूवी में जा घुसी। हादसे में कई वाहनों और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा, हालांकि स्कॉर्पियो में सवार चारों युवक सुरक्षित बच गए।

पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो पहले एक गुजर रही अर्टिगा कार से टकराई। इसके बाद वाहन बेकाबू होकर लेन का गेट, ग्रिल और गार्ड रूम तोड़ते हुए मकान के बाहर खड़ी टोयोटा हाईराइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईराइडर मकान की बाउंड्री वॉल तोड़कर अंदर तक पहुंच गई।

घटना की शिकायत सेक्टर-15 निवासी संदीप गोयल ने सेक्टर-14 थाना पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक मनमीत सिंह निवासी बेगोवाल, कपूरथला (पंजाब) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार में दीवार, ग्रिल और गार्ड रूम तोड़ते हुए हाईराइडर से टकराते देखा जा सकता है। हादसे में दोनों वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार चारों युवक नाइट क्लब से लौट रहे थे और उन्होंने नशे की हालत में होने की बात भी कही थी। हालांकि पुलिस द्वारा चालक का मेडिकल परीक्षण कराने पर रिपोर्ट में नशे की पुष्टि नहीं हुई।

सेक्टर-14 थाना पुलिस के एएसआई रविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने संबंधी प्रावधानों तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की लापरवाही से वाहन चलाने और एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने क्राइम टीम से दुर्घटनाग्रस्त वाहन का निरीक्षण भी कराया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here