सुंदर कुंडू, पलवल। खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि दक्ष प्रजापति ने सनातन संस्कृति को मजबूत करने और समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। उनके जीवन और सिद्धांतों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। गौरव गौतम रविवार को पलवल के पुराना जीटी रोड स्थित प्रजापति धर्मशाला में आयोजित दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्र आंदोलन को लेकर उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। गौरव गौतम ने कहा कि छात्र और युवा देश के लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रविरोधी ताकतें छात्रों और युवाओं का इस्तेमाल न कर सकें, इसलिए धर्मेंद्र प्रधान ने युवाओं, छात्रों और देशहित को ध्यान में रखते हुए इस्तीफा दिया। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि जनता द्वारा राजनीति में नकारे जाने के बाद अब कुछ ताकतें छात्रों का इस्तेमाल कर हिंसा के जरिए राजनीति करने का प्रयास कर रही हैं।
गौरव गौतम ने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। इसलिए महापुरुषों की जयंती को उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य युवाओं को उनके जीवन और संघर्षों से परिचित कराना है, ताकि उन्हें बेहतर संस्कार और प्रेरणा मिल सके।
प्रजापति समाज की भूमिका का उल्लेख करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि यह समाज मिट्टी से रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ देश की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में प्रजापति समाज का योगदान महत्वपूर्ण और अग्रणी है।
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल के विकास को गति देने के लिए लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं। नगर परिषद की ओर से वार्ड नंबर 3 और 6 में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें 40.93 लाख रुपये की लागत से सड़क और नाली निर्माण, 43.49 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण तथा एक करोड़ रुपये की लागत से सर छोटूराम सामुदायिक केंद्र का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से लोगों को बेहतर सड़क, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पांच वर्ष पूरे होने तक पलवल का बदला हुआ स्वरूप दिखाई देगा और शहर के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।







