Home Crime झज्जर डबल मर्डर में बड़ा खुलासा, गोली मारने के बाद कुचले गए...

झज्जर डबल मर्डर में बड़ा खुलासा, गोली मारने के बाद कुचले गए थे दोनों के चेहरे

4
0

झज्जर |  हरियाणा के झज्जर जिले में गुरुग्राम मार्ग के पास झाड़ियों से मिले दो शवों के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों व्यक्तियों की पहले गोली मारकर हत्या की गई और बाद में उनकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए गए। पुलिस अब इस दोहरे हत्याकांड की जांच कई पहलुओं से कर रही है, जिसमें संपत्ति विवाद का एंगल भी प्रमुख माना जा रहा है।

पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों के बोर्ड के अनुसार, मृतक कामिल (50) के सिर से एक गोली बरामद हुई, जबकि इरशाद (40) के कान के पीछे और गर्दन के नीचे से दो गोलियां निकाली गईं। चिकित्सकों को एक गोली निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक जांच के आधार पर माना जा रहा है कि दोनों को पहले गोली मारी गई और इसके बाद लोहे की रॉड या किसी भारी हथियार से चेहरे और सिर पर वार कर शवों की पहचान मिटाने की कोशिश की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कामिल ने करीब दो महीने पहले मेरठ स्थित अपना एक प्लॉट लगभग दो करोड़ रुपये में बेचा था। इसके अलावा दोनों साझेदारों ने करीब एक माह पहले नीमराना में स्थित अपना पीजी भी बेच दिया था। इन लेन-देन को देखते हुए पुलिस आर्थिक और प्रॉपर्टी विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

मामले में मृतक इरशाद के भाई हकीकत ने कामिल और इरशाद के दो परिचितों सतीश और सिकंदर पर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, सतीश ने फोन कर परिवार को दोनों के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना दी थी। इसके बाद  दोनों संदिग्ध झज्जर के नागरिक अस्पताल भी पहुंचे थे, लेकिन तब से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

जांच के दौरान यह भी पता चला है कि दोनों मृतकों के मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान मौके से गायब हैं। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है और लूट की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही।

मृतक कामिल और इरशाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के जौला गांव के निवासी थे। दोनों पिछले करीब 20 वर्षों से राजस्थान के नीमराना में रहकर प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हुए थे। परिजनों के अनुसार, इरशाद की अपने भाई से आखिरी बार रविवार शाम करीब आठ बजे फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों से संपर्क नहीं हो सका।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। संदिग्धों की तलाश के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here