Home Haryana हरियाणा में मानसून सक्रिय, अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

हरियाणा में मानसून सक्रिय, अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

4
0

हिसार। हरियाणा में मानसून की सक्रिय एंट्री के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के 18 जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई है। प्रदेश में सबसे अधिक 56.2 मिलीमीटर बारिश हिसार में रिकॉर्ड की गई।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने नए लो प्रेशर एरिया के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दक्षिण-पूर्वी मानसूनी हवाओं और पछुआ हवाओं के मिलन से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जबकि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान से सटे पश्चिमी इलाकों के कुछ हिस्सों को छोड़कर 2 जुलाई तक अधिकांश हरियाणा में मानसून पहुंच चुका है। अगले एक-दो दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। हिसार, अंबाला, करनाल, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी, फतेहाबाद, कैथल, महेंद्रगढ़, पलवल और सोनीपत सहित कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिसके कारण दिन और रात के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here