चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव हड़ौदा कलां में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। 36 वर्षीय युवक का शव नहर किनारे पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे दो बेटियों और एक बेटे सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है।
जानकारी के अनुसार गांव हड़ौदा कलां निवासी हरकेष पेशे से राजमिस्त्री था। वीरवार सुबह वह रोज की तरह घर से काम के लिए निकला था। दोपहर करीब 12 बजे नहर की ओर गए एक ग्रामीण ने उसका शव पेड़ से लटका देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चरखी दादरी के नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।
मामले की जांच कर रहे अटेला चौकी के हेड कांस्टेबल सुनील ने बताया कि मृतक की पत्नी संतोष के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







