चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी से जूझ रहे लोगों को हल्की बारिश ने थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन उमस अब भी परेशान कर रही है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों—सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी—में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार को अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और करनाल जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं प्रदेशभर में गर्म हवाओं और तेज धूप को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
20 जून से प्री-मानसून, 28 जून से मानसून की एंट्री
मौसम विशेषज्ञों ने जानकारी दी है कि 20 जून से हरियाणा में प्री-मानसून की शुरुआत हो सकती है, जबकि 28 जून के आसपास मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से कुछ जगहों पर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। रविवार और सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान:
- शनिवार (आज): अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और करनाल में बारिश संभव। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
- रविवार: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में हल्की बारिश की संभावना।
- सोमवार: मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में बारिश हो सकती है।
- मंगलवार: महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, यमुनानगर और करनाल में 50% तक बारिश की संभावना, बाकी जिलों में मौसम साफ रहने के आसार।







