धारूहेड़ा I धारूहेड़ा थाना सेक्टर-6 क्षेत्र स्थित आनंदम आवास सोसायटी में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। बेखौफ चोर घर के अंदर घुसे, महिला और बच्चों को बाहर से कमरे में बंद किया और आराम से लाखों रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरी सोसायटी में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार छोटन यादव अपने गोदाम पर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे। महिला बाथरूम में नहा रही थी, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में दाखिल हुए और बड़ी चालाकी से महिला और बच्चों के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी। परिवार के सदस्य अंदर ही फंसे रह गए और चोरों को वारदात अंजाम देने का पूरा मौका मिल गया।
चोरों ने घर के बेडरूम को खंगालते हुए सोने के जेवरात और करीब 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात का पता उस समय चला जब महिला बाथरूम से बाहर निकली और दरवाजा नहीं खुला। किसी तरह बाहर आने के बाद घर में सामान बिखरा मिला और चोरी का खुलासा हुआ।
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी हुए सामान में सोने के लॉकेट, अंगूठियां, बालियां, नोज पिन, झुमके और हार सहित करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति शामिल है।
घटना ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब घर में परिवार मौजूद था तो चोर इतनी आसानी से अंदर कैसे घुस गए और वारदात को अंजाम देकर फरार भी हो गए। घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।







