Home Crime CIA-1 की बड़ी कामयाबी, लूट और चोरी के मामलों का पर्दाफाश

CIA-1 की बड़ी कामयाबी, लूट और चोरी के मामलों का पर्दाफाश

5
0

अंकुर कपूर , अंबाला  I अंबाला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कैंटर लूट, भैंस चोरी और बुजुर्ग से लूटपाट के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने तीनों मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण बरामदगी भी की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की भी उम्मीद है।

पहले मामले में 11 जून को स्क्रैप से भरे कैंटर की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। जानकारी के अनुसार कैंटर उत्तर प्रदेश से मंडी गोबिंदगढ़ जा रहा था। रास्ते में चालक टायर चेक करने के लिए नीचे उतरा, तभी पीछे से आए छह बदमाशों ने उसे दबोच लिया। आरोपियों ने चालक के हाथ-पैर बांध दिए और स्क्रैप से भरा कैंटर लेकर फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पंजाब के शंभू क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

वहीं अंबाला के गांव दुराना में हुई भैंस चोरी की वारदात का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। CIA-1 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बुरहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस बरामद कर ली है, जबकि अन्य बरामदगी अभी बाकी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

उधर अंबाला कैंट में बुजुर्ग से हुई लूटपाट की घटना में भी CIA-1 को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी पहले भी एक महिला से लूटपाट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। गिरफ्तार आरोपी साहा क्षेत्र के गांव पिलखनी के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुएं बरामद की हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here