हरियाणा | हरियाणा में गणतंत्र दिवस के मौके पर ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन में धूप खिली रही, लेकिन सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। हांसी सहित कई क्षेत्रों में पाला जमने की सूचना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार बीती रात राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
फिलहाल प्रदेश का तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। बीती रात हरियाणा का सबसे ठंडा इलाका सोनीपत जिला रहा, जहां कनाल रेस्ट हाउस, सरगथल (AWS) में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यहां बीते 24 घंटों में तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज रात से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पूर्वानुमान के अनुसार 26 जनवरी की रात से 28 जनवरी तक हरियाणा के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 27 और 28 जनवरी को शीतलहर चलने का भी अनुमान है, जिससे दिन और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
बारिश से जहां किसानों को रबी फसलों में आंशिक लाभ मिलने की उम्मीद है, वहीं बढ़ती ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने 27 जनवरी को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे खुले क्षेत्रों में नुकसान की आशंका जताई गई है।
इसके साथ ही 27, 28 और 29 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट के चलते सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।






