Chandigarh,25January-:हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अंबाला के किंगफिशर में मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में कहा कि पत्रकारिता की गुणवत्ता बढ़ाने और डिजिटल युग की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण शिविर आवश्यक हैं। मंत्री विज ने स्पष्ट किया, “डिजिटल युग में समाचारों की सत्यता सुनिश्चित करने के लिए पत्रकारों का प्रशिक्षण अत्यंत जरूरी है। इससे उनकी क्षमताएं निखरेंगी और जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।”
समारोह में नौ व्यक्तियों को उनके पत्रकारिता और समाज सेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें पत्रकार, मंत्री अनिल विज, दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल और विश्व विख्यात जादूगर सम्राट शंकर शामिल थे। प्रत्येक को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सोहन पाल रावत (कुरुक्षेत्र) और विनोद खुराना (लाडवा) सहित अन्य पत्रकारों ने समाज सेवा और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पुरस्कार प्राप्त किया।
प्रमुख बातें समारोह की:
एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने मंच से दो प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा की। पहला हरियाणा में मार्च 2026 तक और दूसरा हिमाचल प्रदेश में ग्रीष्मकाल में आयोजित किया जाएगा।प्रशिक्षण शिविरों में डिजिटल पत्रकारिता, फेक न्यूज पहचान, सोशल मीडिया एथिक्स, रिपोर्टिंग स्किल्स और लीगल पहलुओं पर सत्र शामिल होंगे।
मंत्री विज ने डिजिटल युग की चुनौतियों पर जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के फैलाई गई खबरें समाज और राष्ट्र के हित में विपरीत साबित हो सकती हैं। प्रशिक्षण शिविर पत्रकारों को समाचारों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने का ज्ञान देंगे।मंत्री ने कहा,“इन शिविरों से पत्रकारिता में निखार आएगा,राष्ट्र और समाज के हित में उनकी विश्वसनीयता बढ़ेगी। व्यावहारिक सत्र जैसे लाइव रिपोर्टिंग, डेटा जर्नलिज्म और वीडियो एडिटिंग पत्रकारों को नई तकनीक से लैस करेंगे।”
मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन एक गैर-लाभकारी संगठन है, जो पत्रकारों के भलाई, प्रशिक्षण और सम्मान के लिए सक्रिय है। अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को मानसिक, शारीरिक और व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाना है।समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित पत्रकार और अतिथियों ने प्रशिक्षण शिविरों की सफलता की कामना करते हुए कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान किया।







