Home Ambala अंबाला में मार्केट कमेटी चेयरमैन का शपथ ग्रहण, अनिल विज के राजनीतिक...

अंबाला में मार्केट कमेटी चेयरमैन का शपथ ग्रहण, अनिल विज के राजनीतिक हमले चर्चा में

42
0

Ambala, 19 November-:अंबाला कैंट की नई अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन सरदार बलविंद्र सिंह शाहपुर और वाइस चेयरमैन सुरेंद्र बिंद्रा का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। मंडी में पहुंचने पर मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने दोनों पदाधिकारियों के साथ मंत्री अनिल विज का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मंत्री विज ने नवनियुक्त चेयरमैन और वाइस चेयरमैन को शुभकामनाएं दीं।

 कांग्रेस पर हमला — बिहार चुनाव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा बिहार चुनाव में वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाए जाने पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस को अब ‘रोने के स्कूल’ खोल लेने चाहिए और राजनीति छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में कांग्रेस की हालत से उन्हें सबक लेना चाहिए।
राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए विज ने कहा कि उन्हें राजनीति छोड़कर मछली पकड़ने का काम शुरू कर देना चाहिए, क्योंकि चुनाव के समय भी वे तालाब में उतर गए थे। विज बोले— बिहार चुनाव ने साबित कर दिया है कि ये पार्टियां अब खत्म हो चुकी हैं। हम दिल्ली जीते, हरियाणा जीते, बिहार जीते और अब बंगाल की तैयारी है।

BMB कैडर पर हरियाणा की आपत्ति

BMB में पंजाब द्वारा अपना कैडर तैयार कर दूसरे राज्यों के लोगों को शामिल न करने की बात पर अनिल विज ने कहा कि इस मुद्दे को केंद्र के समक्ष उठाया गया है और पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पानी पर हरियाणा और पंजाब दोनों का हक है। डैम बनते समय दोनों प्रदेश एक थे, बाद में बंटवारा हुआ तो पानी और प्रशासनिक हिस्सेदारी भी तय होनी चाहिए।

 इलेक्ट्रिक बसें बंद होने की खबर पर सफाई

कालका, पंचकूला, नारायणगढ़ और यमुनानगर में इलेक्ट्रिक बसें बंद होने की खबरों पर अनिल विज ने कहा कि किसी भी बस सेवा को बंद नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि अंबाला छावनी की दो बसों को दूसरी जगह भेजे जाने का विरोध हुआ था, इसलिए उन्हें वापस बुला लिया गया है। बाकी बसें सामान्य रूप से चल रही हैं और जरूरत पड़ने पर और बसें लगाई जाएंगी। 

बिहार नतीजों की तुलना ‘तानाशाही देशों’ से करना गलत 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा बिहार चुनाव नतीजों की तुलना उत्तर कोरिया, रूस और चीन जैसे देशों से करने पर मंत्री विज ने कहा कि यह बिहार की जनता का अपमान है। जनता ने सभी को सुना, सभी को बोलने का मौका मिला और सोच-समझकर मतदान किया।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के फैसले को सलाम करना चाहिए। जनता का फैसला साफ है कि उन्हें कांग्रेस और उसके गठबंधन पर भरोसा नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here