हिसार | भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए हिसार के पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने आमजन के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों से बचें। सोशल मीडिया पर फैलने वाली खबरों की पुष्टि करने के बाद ही उन्हें साझा करें।
सावन ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण है अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देना। यदि आप घर पर हैं, तो एक सुरक्षित स्थान पर रहें। यदि बाहर हैं, तो किसी मजबूत संरचना के पास जाकर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। इसके साथ ही, एक इमरजेंसी किट तैयार रखें, जिसमें जरूरी दवाइयां, पानी, सूखा खाना, पहचान पत्र और मोबाइल चार्जर शामिल हों।
उन्होंने कहा कि लोगों को आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करना चाहिए और सोशल मीडिया पर फैली खबरों की पुष्टि करने के लिए विश्वसनीय स्रोतों का उपयोग करें। इसके अलावा, मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित प्रार्थना, ध्यान, और श्वास की तकनीकों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि “आप सैनिक नहीं हैं, लेकिन राष्ट्र की हिम्मत आप हैं”। इसलिए घबराएं नहीं, सतर्क रहें और सकारात्मक सोच बनाए रखें।







