सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें काम पर जा रही महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास फौजी ढाबे के नजदीक हुई, जहां मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी और वर्तमान में कत्था कॉलोनी बहालगढ़ में रहने वाले नीरज की पत्नी छोटी अन्य महिलाओं के साथ कंपनी में नौकरी पर जा रही थीं। सुबह करीब 8:30 बजे जब सभी महिलाएं सड़क पार कर रही थीं, तभी पानीपत की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने छोटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक बिना रुके फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और ट्रक की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
मृतका छोटी दो बच्चों की मां थी और पति नीरज के साथ बहालगढ़ की एक कंपनी में काम करती थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







