सुंदर कुंडू,फरीदाबाद। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 21 जून को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर छह हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि परीक्षा के आयोजन से जुड़े सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी और फोटोस्टेट की दुकानों को परीक्षा के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को खत्म किया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे, जो परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखेंगे और किसी भी स्थिति से तुरंत निपटेंगे।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फरीदाबाद पहुंचा दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि परीक्षा की गोपनीयता पूरी तरह बरकरार रहे।
गर्मी के मौसम को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। परीक्षा केंद्रों पर ओआरएस घोल, स्वच्छ पेयजल, पंखों और पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।







